बाबा बर्फानी के जयकारों के साथ मकराना से अमरनाथ के लिए रवाना हुआ 27 श्रद्धालुओं का जत्था
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। शहर की ओम कॉलोनी से शनिवार सुबह बाबा अमरनाथ के पवित्र दर्शन के लिए 27 श्रद्धालुओं का एक और जत्था पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। सभी श्रद्धालु सुबह ओम कॉलोनी में एकत्रित हुए और वहां से रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे ट्रेन के माध्यम से अपनी धार्मिक यात्रा के लिए प्रस्थान कर गए। इस यात्रा दल का नेतृत्व कर रहे लक्ष्मण सिंह मकराना इस बार तीसरी बार बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। यात्रा दल में शामिल अरविन्द कुमार टेलर ने बताया कि सभी श्रद्धालु पूरे उत्साह से सराबोर हैं।
इस जत्थे में प्रेम प्रकाश कुमावत, गिरधारी गहलोत, दिलीप प्रजापत, पंडित ओम प्रकाश शास्त्री, जीतेन्द्र प्रजापत, भँवर सिंह और श्याम सुन्दर प्रजापत सहित कुल 27 श्रद्धालु शामिल हैं। श्रद्धालुओं के रवाना होने से पूर्व परिजनों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों ने सभी यात्रियों का माल्यार्पण व तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन और आसपास का पूरा माहौल बाबा बर्फानी के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित लोगों ने यात्रियों को भावभीनी विदाई दी और उनकी सुखद, सुरक्षित व मंगलमय यात्रा की कामना की। यात्रा पर रवाना होते समय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रियों ने कहा कि वे बाबा अमरनाथ के पवित्र दरबार में मत्था टेककर मकराना क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति तथा पूरे देश की खुशहाली और अमन-चैन के लिए विशेष प्रार्थना करेंगे।


