मीना धर्मशाला धौलागढ़ निर्माण को मिली गति, ठेके की प्रक्रिया शुरू; 21 सदस्यीय सहयोग समिति का गठन
कठूमर (दिनेश लेखी) जनजाति मीना विकास समिति खेरली-कठूमर की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मीना धर्मशाला धौलागढ़ में समिति अध्यक्ष डॉ. आर.पी. मीना की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मीना धर्मशाला धौलागढ़ के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने, समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन तथा निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मीना धर्मशाला का निर्माण कार्य आरटीटेक इंजीनियर द्वारा तैयार किए गए स्वीकृत नक्शे के अनुसार कराया जाएगा। इसके लिए रविवार शाम ठेकेदारों की उपस्थिति में ठेका प्रक्रिया प्रारंभ की गई। सर्वसम्मति से तय किया गया कि निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सबसे कम दर पर कार्य करने वाले ठेकेदार को निर्माण कार्य का ठेका दिया जाएगा।
धर्मशाला निर्माण के लिए अधिक से अधिक सहयोग राशि जुटाने के उद्देश्य से 21 सदस्यीय विशेष कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया। यह समिति समाज के दानदाताओं एवं भामाशाहों से सहयोग राशि एकत्रित कर निर्माण कार्य को गति प्रदान करेगी।
बैठक के दौरान धर्मशाला निर्माण के लिए समाज के कई दानदाताओं ने आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक रमेश मीना (खेड़ा) ने 1 लाख 21 हजार रुपये, खेड़ा के कर्मचारियों ने 42 हजार रुपये तथा रामगढ़ के कर्मचारियों ने 30 हजार 600 रुपये की सहयोग राशि जमा कराई। समाज के भामाशाहों द्वारा दिए जा रहे सहयोग की बैठक में सराहना की गई तथा अन्य लोगों से भी बढ़-चढ़कर योगदान देने का आह्वान किया गया।
बैठक में समाज में व्याप्त विभिन्न कुरीतियों पर भी गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने सामाजिक एकता, शिक्षा, संगठन और समाज सुधार के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया तथा समाज को नई दिशा देने के लिए सकारात्मक पहल करने का संकल्प लिया।बैठक का समापन समाज हित में एकजुट होकर धर्मशाला निर्माण एवं सामाजिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
बैठक में मंत्री धर्मसिंह मीना, पूर्व चेयरमैन शेर सिंह मीना, उपाध्यक्ष उमेदी लाल मीना, कमल सिंह मीना (लाटकी), सरपंच प्रभुदयाल मीना, डॉ. सुरेश मीना, सुखराम बेनाड़ा, कोषाध्यक्ष महावीर मीना, रामहेत मीना, फूलसिंह मीना, प्रकाश मीना, जगदीश मीना, मोहरसिंह मीना, स्योनाथ सिंह मीना, घनसीराम मीना, मोतीलाल मीना, रमेशचंद मीना, उदल मीना, सरपंच रामसिंह मीना, फूलसिंह मीना (रामगढ़), अमर मीना, चंदूलाल मीना, राजेश मीना, शिशुपाल मीना, अमरसिंह मीना, रतनलाल मीना, बिश्राम मीना, जोरमल मीना, हरिराम मीना, रामरतन मीना, बल्लूराम मीना, बाबूलाल मीना, सतीश मीना, रमेश मीना, गोपाल मीना, अशोक मीना, जलधारी मीना सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


