घर बैठे मिलेगा रोजगार, 'श्रम सेतु' और 'लेबर चौक' मोबाइल ऐप लॉन्च; सभी श्रेणी के श्रमिक करा सकेंगे निःशुल्क पंजीयन
दौसा, (अवधेश अवस्थी) प्रदेश के निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा आम नागरिकों को जरूरत के अनुसार कुशल श्रमिक आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्रम विभाग ने 'श्रम सेतु' और 'लेबर चौक' मोबाइल एप शुरू किए हैं। इन एप के माध्यम से अब श्रमिकों को काम की तलाश में घंटों लेबर चौक पर खड़ा नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे घर बैठे ही रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
श्रम कल्याण अधिकारी विकास शर्मा ने बताया कि एप पर श्रमिक अपनी कार्यकुशलता, अनुभव और विशेषज्ञता का विवरण दर्ज कर सकेंगे। वहीं, नियोक्ता अपनी आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन श्रमिकों की मांग दर्ज कर सकेंगे। दोनों पक्ष कार्य की प्रकृति, मजदूरी, समय और अन्य शर्तों पर सीधे बातचीत कर सकेंगे, जिससे रोजगार प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक होगी।
उन्होंने बताया कि श्रम विभाग में वर्तमान में 79,889 पंजीकृत श्रमिक हैं, जिनमें दौसा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के श्रमिक शामिल हैं। अब इन श्रमिकों को पंजीयन, कार्ड डाउनलोड करने अथवा अन्य सेवाओं के लिए कार्यालय या ई-मित्र के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जिले में श्रमिकों को एप के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। दौसा शहर के विभिन्न लेबर चौकों के अलावा लालसोट के जमात चौखटी तथा सिकंदरा चौराहा पर शिविर लगाकर श्रमिकों को दोनों एप की जानकारी दी गई और उनके मोबाइल में एप डाउनलोड कर पंजीयन कराया गया। शिविरों के दौरान लगभग 50 से 60 श्रमिकों का एप पर पंजीयन कराया जा चुका है।
श्रम निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि 'श्रम सेतु' एप पर पंजीयन पूरी तरह निःशुल्क है। इस एप पर निर्माण श्रमिक अपना पंजीयन कर सकते हैं, श्रमिक कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं तथा आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं। वहीं, 'लेबर चौक' एप के माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपनी आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन श्रमिक खोजकर उससे सीधे संपर्क कर सकता है तथा मजदूरी सहित अन्य शर्तें भी तय कर सकता है।
इन दोनों एप पर राजमिस्त्री, बढ़ई, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, माली, पेंटर, वेल्डर सहित विभिन्न प्रकार के कुशल एवं अकुशल श्रमिक अपना पंजीयन करा सकेंगे। एप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।


