श्री सार्वजनिक पुस्तकालय( ई-गुरुकुल) से तैयारी कर सरकारी सेवा परीक्षाओं मे लहराया परचम
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) केंद्रीय पर्यावरण मंत्री क्षेत्रीय सांसद भूपेंद्र यादव के आर्थिक सहयोग से चल रही कस्बे की सार्वजनिक पुस्तकालय में ई -लाइब्रेरी गुरुकुल सेवा में सरकारी सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर विद्यार्थियों ने हाल ही में घोषित हुए परिणामो मे शानदार सफलता हासिल की है। आज के दिन बेहद हर्ष और उल्लास से ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाने के लिए पुस्तकालय भवन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस गौरवशाली क्षण को यादगार बनाने के लिए चयनित विद्यार्थियों द्वारा मिठाई वितरित की गई। खुशियों से सराबोर इन युवाओं के चेहरों पर अपनी कड़ी मेहनत के सफल होने का संतोष और गर्व साफ देखा गया।
इस गरिमामयी अवसर पर श्री सार्वजनिक पुस्तकालय के अध्यक्ष रवि शर्मा का कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित विद्यार्थियों ने पुस्तकालय के सहयोग के लिए अध्यक्ष का सहृदय धन्यवाद किया। कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों ने उन्हें पारंपरिक साफा बांधकर भव्य अभिनंदन किया और उन्हें मिठाई खिलाकर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर रवि शर्मा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा, यह सफलता न केवल इन विद्यार्थियों की लगन का परिणाम है, बल्कि यह हमारे पुस्तकालय के अध्ययनशील माहौल की भी जीत है। इन युवाओं ने सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और सही दिशा में किए गए प्रयास हमेशा रंग लाते हैं।
कार्यक्रम में पुस्तकालय के अन्य विद्यार्थी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। अपने ही बीच से निकले साथियों को इस मुकाम पर पहुंचते देख वे बेहद प्रेरित और उत्साहित नजर आए। मिठाई वितरण और अभिनंदन के इस कार्यक्रम ने वहां मौजूद विद्यार्थीयों में एक नई ऊर्जा और जोश भर दिया।


