आरबीएम अस्पताल में पुलिस कस्टडी से फरार हुए दोनों आरोपी फिर गिरफ्तार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभाग स्तरीय आरबीएम अस्पताल से पुलिस कस्टडी तोड़कर फरार हुए फायरिंग मामले के दोनों आरोपी दिलीप और वीरेंद्र को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोबारा गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपी रविवार को अस्पताल में तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए थे, जिससे पुलिस महकमे और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और कुछ ही समय में दोनों आरोपियों को फिर से हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई को डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र के बरौली धाऊ गांव में पूर्व सरपंच विजेंद्र गुर्जर और गिरीश पक्ष के बीच जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। दोनों पक्षों की ओर से हुई फायरिंग में दिलीप और वीरेंद्र के पैरों में गोली लगी थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भरतपुर के आरबीएम अस्पताल के हड्डी वार्ड में भर्ती कराया था, जहां उनकी निगरानी के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात थे।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुनः गिरफ्तार कर लिया है। कस्टडी से फरार होने के मामले में उनके खिलाफ अतिरिक्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


