नर सेवा ही नारायण सेवा: पुराने मिडवे के पास मिले लावारिस प्रभुजी, अपना घर समिति ने कराया हिंडौन 'अपना घर' में भर्ती
अवधेश अवस्थी | महुवा (दौसा)
महुवा उपखंड मुख्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में लावारिस, पीड़ित, मानसिक रूप से अस्वस्थ (प्रभु जनों) तथा बेजुबान जीव-जंतुओं की सेवा में निरंतर प्रयासरत 'अपना घर सेवा समिति, महुवा' द्वारा बुधवार को एक और सराहनीय कार्य किया गया। समिति ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से एक असहाय प्रभुजन का सफल रेस्क्यू कर उन्हें आश्रय हेतु 'अपना घर' हिंडौन भिजवाया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे सेवाभावी
अपना घर सेवा समिति महुवा के मीडिया प्रभारी अवधेश अवस्थी ने बताया कि बुधवार को महुवा कस्बे स्थित पुराने मिडवे के सामने एक लावारिस प्रभुजी (अस्वस्थ/बेसहारा व्यक्ति) के पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही समिति सदस्य नरेंद्र गोपालिया तुरंत मौके पर पहुंचे।
निजी वाहन से भिजवाया हिंडौन आश्रम
समिति सदस्य नरेंद्र गोपालिया ने महुवा थाना पुलिस के सहयोग व औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रभुजी को अपने निजी वाहन से 'अपना घर' हिंडौन पहुंचाया। इसके साथ ही, समिति की ओर से हिंडौन आश्रम में रह रहे अन्य प्रभुजनों के लिए एक यूनिट भोजन भी बुक कराया गया।
ये रहे मौजूद
इस सेवा कार्य के दौरान अपना घर सेवा समिति महुवा के:
-
अध्यक्ष: नेमीचंद खेडली वाले
-
संरक्षक: प्रेमचंद गोयल (करीरी वाले)
-
संरक्षक: वेद प्रकाश (पावटा वाले)
-
सदस्य: नरेंद्र गोपालिया
सहित महुवा थाना पुलिस स्टाफ एवं समिति के अन्य पदाधिकारी और सेवाभावी उपस्थित रहे। समिति के इस मानवीय कार्य की क्षेत्रवासियों द्वारा मुक्तकंठ से सराहना की जा रही है।


