भरतपुर :235 वार्ड, 371 बूथ और 442 ईवीएम: जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में पूरा हुआ पहला रेंडमाइजेशन
निकाय चुनाव 2026: भरतपुर में ईवीएम का पहला रेंडमाइजेशन संपन्न, 442 मशीनों का आवंटन
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)। नगरीय निकाय चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी की अध्यक्षता में ईवीएम मशीनों का प्रथम रेंडमाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्हें रेंडमाइजेशन की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
इस प्रक्रिया के तहत भरतपुर नगर निगम सहित रूपवास, उच्चैन, भुसावर, बयाना, वैर और नदबई नगरपालिकाओं के 235 वार्डों में स्थित 371 मतदान बूथों के लिए मशीनों का आवंटन किया गया है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत कुल 442 ईवीएम मशीनों का रेंडमाइजेशन किया गया, जिनमें 371 मुख्य मतदान के लिए और 71 ईवीएम आरक्षित (रिजर्व) रखी गई हैं। चुनाव प्रक्रिया के लिए कुल 442 कंट्रोल यूनिट और 570 बैलेट यूनिट उपलब्ध कराई गई हैं।
बैठक में मौजूद रहे आला अधिकारी व प्रतिनिधि: रेंडमाइजेशन के दौरान अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा, नगर निगम चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी रिछपाल सिंह बुरड़क, सहायक कलक्टर आईएएस आलोक सिंह, विभिन्न क्षेत्रों के आरओ (राधेश्याम मीना, सचिन यादव, भारती गुप्ता, ऋतुराज शर्मा) और निर्वाचन प्रकोष्ठ के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं राजनीतिक दलों की ओर से निर्लेप मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, योगेश सिंघल, उत्तम सिंह और हरिओम सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।

