राजगढ़ में जन्माष्टमी की धूम: सीताराम ठाकुरजी मंदिर में सजेंगे भजनों के दरबार, मध्यरात्रि को लगेगा महाभोग
पटायरी की डूंगरी पर 4 सितंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
राजगढ़, अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)। कस्बे की प्रसिद्ध पटायरी की डूंगरी पर स्थित श्री श्री 1008 सीताराम ठाकुरजी मंदिर में आगामी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व पारंपरिक श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
श्रद्धालु सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित होगी।
आयोजन की मुख्य बातें:
-
भजन-कीर्तन संध्या: शाम 7 बजे से शुरू होकर मध्यरात्रि 12 बजे (भगवान श्री कृष्ण के जन्म समय) तक संगीतमय भजन-कीर्तन का दौर चलेगा, जिसमें स्थानीय गायक और मंडली बाबा के दरबार में भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
-
महाभोग व प्रसाद वितरण: मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाकर ठाकुरजी को विशेष महाभोग लगाया जाएगा, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं

