फेमस होने के चक्कर में हवालात पहुंचा युवक: एयर गन लाइटर के साथ फोटो वायरल कर फैला रहा था खौफ, पुलिस ने दबोचा
एयर गन लाइटर के साथ सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, रैणी पुलिस ने की कार्रवाई
राजगढ़, अलवर (अनिल कुमार गुप्ता)। सोशल मीडिया पर एयर गन लाइटर के साथ फोटो अपलोड कर आमजन में भय और दहशत पैदा करने वाले एक युवक को रैणी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी रैणी क्षेत्र के टहटड़ा गांव का निवासी मनीष बैरवा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सोशल मीडिया पर एयर गन जैसे दिखने वाले एक लाइटर के साथ अपना फोटो अपलोड कर वायरल किया था, जिससे इलाके के लोगों में डर का माहौल बन रहा था। मामला संज्ञान में आते ही रैणी थानाधिकारी बनेसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसूचना संकलित की और सटीक जानकारी के आधार पर आरोपी मनीष बैरवा को दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर इस तरह हथियार या हथियार जैसी दिखने वाली वस्तुओं के साथ फोटो/वीडियो डालकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

