‘वोट की ताकत पहचानो, लोकतंत्र को मजबूत बनाओ’: खैरथल में नुक्कड़ नाटक 'विप्लव' ने जगाई मतदान की अलख
'विप्लव' समूह के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से दिया शत-प्रतिशत और निष्पक्ष मतदान का संदेश
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। स्वायत्त चुनाव आयोग के स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय खैरथल के प्रसिद्ध नुक्कड़ नाटक समूह ‘विप्लव’ ने नगर में व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. विजय कुमार वर्मा द्वारा मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के साथ हुई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने नारेबाज़ी कर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया।
इसके पश्चात 'विप्लव' नाटक समूह के छात्र-कलाकारों ने कृषि उपज मंडी, अम्बेडकर चौराहा, नगर परिषद तथा तहसील परिसर जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटकों का जीवंत मंचन किया। कलाकारों ने अपने प्रभावशाली संवादों और अभिनय के माध्यम से संदेश दिया कि बिना किसी प्रलोभन, डर, दबाव या भेदभाव के हर नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने विद्यार्थियों की इस रचनात्मक पहल और प्रभावी अभिनय की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अभियान को सफल बनाने में युवा कलाकार स्नेहलता, रिंकी, तन्नू, वंदना, रुचिका, साक्षी, रितिका, बादल, अमन, प्रमजीत, कोमल, पृथ्वी और चिंकी ने अपनी ऊर्जावान और मुख्य भूमिका निभाई।

