‘सुलभ मतदान–सशक्त भागीदारी’: खैरथल में दिव्यांगों को जागरूक करने के लिए आयोजित हुआ 'सतत संवाद'
‘सतत संवाद’ से जगी आस, निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करेंगे खैरथल के दिव्यांगजन
खैरथल (हीरालाल भूरानी)। जिला प्रशासन खैरथल-तिजारा के मार्गदर्शन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा पंडित छीतरमल लाटा वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय अंबेडकर छात्रावास में “सतत संवाद—दिव्यांग मतदाता जागरूकता कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को निर्वाचन प्रक्रिया में सुगम, सम्मानजनक और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में सहायक निदेशक महेंद्र कुमार ने उपस्थित दिव्यांगजनों को मतदान के अधिकार, लोकतंत्र में उनकी भूमिका तथा मतदान केंद्रों पर मिलने वाली विशेष सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार हीरालाल भूरानी ने “सुलभ मतदान–सशक्त भागीदारी–समावेशी लोकतंत्र” का संदेश देते हुए सभी से निर्भीक एवं निष्पक्ष होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर दिव्यांग जन संघ के प्रतिनिधि संजीव यादव, जुबेर खान, और मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि दिव्यांगों को केवल मतदाता के रूप में नहीं, बल्कि लोकतंत्र के बराबर के हिस्सेदार के रूप में देखना आवश्यक है। अंत में सोसाइटी के निदेशक डॉ. प्रभाकर शर्मा ने प्रशासनिक प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

