एक लाख के लेनदेन के विवाद में हिस्ट्रीशीटर पर चली गोली, हत्या के प्रयास में तीन गिरफ्तार
चौरीचौरा (शशि जायसवाल) क्षेत्र के खैराबाद गांव स्थित डूडी चौराहे पर रुपये के लेनदेन को लेकर हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश चौधरी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चारपहिया वाहन, अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 10,870 रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात डूडी चौराहे पर रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि खोराबार क्षेत्र के डांगीपार निवासी अतुल ने डूडी गांव निवासी रतन लाल चौधरी को करीब एक लाख रुपये दिए थे। रकम वापस नहीं मिलने को लेकर कुछ युवक रतन लाल से बातचीत करने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर दुर्गेश चौधरी को गोली मार दी गई।
गोली लगने से दुर्गेश के हाथ और पैर में चोट आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, मामले में विशु चौधरी पुत्र रतन लाल चौधरी निवासी खैराबाद (डूडी), विजय पासवान पुत्र राजेश पासवान निवासी चकदेइया और मोनू मौर्य पुत्र राजेश मौर्य निवासी चौरी खास को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 10,870 रुपये बरामद किए गए हैं।
पूर्व प्रधान हत्याकांड में भी सामने आया था दुर्गेश का नाम
गोली लगने से घायल दुर्गेश चौधरी का नाम वर्ष 2015 में महदेवा जंगल के पूर्व प्रधान मनोज यादव की हत्या के मामले में भी सामने आया था। जांच में जमीन के कारोबार और करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े विवाद की बात सामने आई थी। पुलिस जांच के दौरान उस हत्याकांड की साजिश में दुर्गेश की कथित भूमिका का भी उल्लेख हुआ था।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गोलीकांड की पूरी साजिश कैसे तैयार हुई और वारदात में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

