नगरीय निकाय चुनाव 2026; ईवीएम कमिशनिंग को लेकर कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने के लिए ईवीएम कमिशनिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा ने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नियमों, दिशा-निर्देशों एवं आदेशों का गंभीरता से अध्ययन कर पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक चुनाव की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम की कमिशनिंग प्रक्रिया, मशीनों के संचालन, आवश्यक सावधानियों तथा निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्मिकों को कमिशनिंग के दौरान अपनाई जाने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी अधिकारी प्रशिक्षण मुनिदेव यादव, डीआईजी स्टाम्प भरतपुर, जिला शिक्षा अधिकारी सुरेन्द्र गोपालिया, सहायक प्रभारी प्रशिक्षण ओमप्रकाश खुण्टेला, डीएलएमटी कर्मवीर सिंह, डॉ. दिलीप गर्ग, मनोज रैंकवार सहित समस्त एआरओ उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भरतपुर नगर निगम से ईवीएम कमिशनिंग के लिए 25, नदबई से 6, भुसावर से 4, वैर से 4, बयाना से 6, रूपवास से 4 तथा उच्चैन से 4 कार्मिकों ने सहभागिता की।

