मकराना में सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश, दिव्यांगों के लिए रहेंगी विशेष सुविधाएं
मकराना (मोहम्मद शहजाद):
आगामी चुनावों को देखते हुए मकराना में स्वीप (SVEEP) योजना के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजकीय बालिका विद्यालय, अंजुमन मदरसा और दिल्ली एकेडमी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
गीतों और रंगोली से महिला व नव-मतदाताओं को प्रेरित किया
कार्यक्रम के दौरान स्वीप टीम के मुरली मनोहर ने "चलो करें मतदान हम" गीत और प्रेरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विशेष रूप से महिला मतदाताओं को मतदान में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने आकर्षक रंगोली व गीतों से चुनावी जिम्मेदारी का संदेश दिया।
राजकीय बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मीरा राठौड़ ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नव-मतदाताओं और बालिकाओं से शत-प्रतिशत मतदान की अपील की।
दिव्यांगों के लिए रहेंगी विशेष सुविधाएं
चुनाव शाखा प्रभारी बंजारा ने प्रत्येक वोट के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा यह सुनिश्चित किया गया है कि कोई भी दिव्यांग मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए सभी मतदान केंद्रों पर रैंप और व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

