अलवर में दशहरा पर्व पर यातायात व्यवस्था में बदलाव: शहर के प्रमुख मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन, जाम से राहत के लिए पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
अलवर (राजस्थान) विजयदशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर अलवर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने शहरवासियों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों से परिवर्तित मार्गों का पालन करने की अपील की है।
दशहरा पर्व के दौरान मुख्य मार्गों पर भीड़ और आयोजनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 20 अक्टूबर को वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
इस प्रकार रहेगा रूट डायवर्जन:
- बहरोड़ की ओर से आने वाले वाहन: बहरोड़ की दिशा से आने वाले सभी वाहन बैरुबक्स से बुद्धविहार, विजय नगर होते हुए जेल सर्किल के रास्ते अपने गंतव्य की ओर निकलेंगे।
- किशनगढ़–तिजारा रोड से आने वाले वाहन: किशनगढ़ और तिजारा मार्ग से आने वाले यातायात को टैल्को सर्किल से नमन होटल होते हुए हनुमान सर्किल की ओर डायवर्ट किया गया है।
- शहर के भीतर से निकलने वाले वाहन: शहर की तरफ से आने वाले वाहनों को भगतसिंह सर्किल से अग्रसेन सर्किल होते हुए नमन होटल की तरफ भेजा जाएगा।
- हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग: बहरोड़ मार्ग से आने वाले हल्के वाहनों के लिए बहरोड़ टी-पॉइंट से शिवाजी पार्क थाने के सामने से होते हुए डबल फाटक होकर टैल्को की ओर जाने का मार्ग तय किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन रूट का ही उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर पुलिसकर्मियों का सहयोग करें

