पूर्व महापौर सुमन कोली ने जिला परिषद चुनाव के लिए ठोकी ताल, वैर वार्ड-6 से दाखिल किया नामांकन :
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर की प्रथम महापौर रहीं सुमन कोली ने जिला परिषद चुनाव के मैदान में उतरकर राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। उन्होंने सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) के समक्ष उपस्थित होकर वार्ड संख्या 6 (वैर) से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आधिकारिक रूप से अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुमन कोली ने क्षेत्र के विकास को लेकर अपना विजन स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाना और क्षेत्र की जनता की समस्याओं का त्वरित तथा प्राथमिकता से समाधान करना होगा।
- रोमांचक हुआ वार्ड-6 का मुकाबला
पूर्व महापौर के ग्रामीण राजनीति में सीधे प्रवेश से वार्ड नंबर 6 का चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प और राजनीतिक रूप से हाई-प्रोफाइल हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शहरी निकाय में अपने कार्यकाल के दौरान भरतपुर के विकास में अहम भूमिका निभाने वाली सुमन कोली के प्रशासनिक अनुभव का सीधा फायदा वैर क्षेत्र के विकास को मिल सकता है।
उनके चुनावी मैदान में उतरने से जहां एक ओर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है, वहीं विरोधी दलों की रणनीतियों में भी हलचल तेज हो गई है।

