ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात आरएसी जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मौत
अजमेर (राजस्थान) शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने चुनावी स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात राजस्थान सशस्त्र बल (RAC) के एक जवान ने सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। इस दर्दनाक घटना में जवान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
- ड्यूटी शिफ्ट बदलने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, मृतक कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा (31), 2018 बैच के आरएसी जवान थे। वे 9वीं आरएसी टोंक की ए-कंपनी से जुड़े थे और गत 16 अक्टूबर से पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में तैनात थे। सोमवार शाम करीब 5:15 बजे, जब ड्यूटी की शिफ्ट बदली जा रही थी, उसी दौरान नरेंद्र गोदारा ने अपनी सर्विस एसएलआर (SLR) राइफल से अपनी ठुड्डी पर गोली मार ली, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
- पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही अजमेर के एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला, एडिशनल एसपी (सिटी) हिमांशु जांगिड़ और आदर्श नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) और MOB की टीमों को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कॉन्स्टेबल नरेंद्र गोदारा अजमेर में किराए के मकान पर रहते थे। खास बात यह है कि उनकी पत्नी भी अजमेर पुलिस में ही कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके साढू अजमेर के दरगाह थाने में सहायक उपनिरीक्षक (ASI) नारायण सिंह हैं।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और जवान द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम के पीछे के असल कारणों की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

