रानीखेत स्थित आश्रम में श्रद्धालुओं ने की हैड़ाखान बाबा की पूजा-अर्चना, विश्व शांति की कामना
हलैना (विष्णु मित्तल): उत्तराखंड के रानीखेत स्थित श्री हैड़ाखान बाबा आश्रम पर श्री हैड़ाखान बाबा भक्त मंडल एवं अनुयायियों द्वारा दशहरा व नवरात्र महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. राजेश पायलट के पूर्व ओएसडी विजय गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने हैड़ाखान बाबा की विशेष पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, राष्ट्र विकास और मानव कल्याण की प्रार्थना की।
बाबा के अनन्य भक्त विजय गुप्ता ने बताया कि आश्रम में 11 से 19 अक्टूबर तक नवरात्र महोत्सव और 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। नवरात्र के समापन अवसर पर मां दुर्गा, मां लक्ष्मी एवं हैड़ाखान बाबा का विशेष पूजन किया गया। इसके साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाहवन का आयोजन हुआ और विधि-विधान से कन्या भोज कराया गया।
इस धार्मिक आयोजन में राजस्थान के पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया, बॉलीवुड का प्रसिद्ध चोपड़ा परिवार, केंद्र सरकार व विभिन्न राज्यों के अनेक राजनीतिक व सामाजिक प्रतिनिधि तथा देश-विदेश के कई प्रमुख उद्योग घरानों के लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

