भरतपुर का बारैठा बांध हुआ लबालब, बांध का गेज पहुंचा 28 फुट : बांध के 3 गेट खोल पानी की निकासी
बहाव क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) उपखंड बयाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के चलते भरतपुर जिले का सबसे बड़ा बारैठा बांध पूरी तरह लबालब हो गया है।डांग क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण बांध का जलस्तर 28 फीट को पार कर गया। जबकि बारैठा बांध की कुल भराव क्षमता 29 फीट है। ऐसे में एहतियातन जल संसाधन विभाग ने सोमवार को बारैठा बांध के प्रातः 3 गेट 4-4 फीट खोलकर पानी की निकासी प्रारंभ कर दी है।
हाईवे पर बहा बांध का पानी , आवागमन प्रभावित
बारैठा बांध से छोड़ा गया पानी कुकुंद नदी के जरिए पुरावाई खेड़ा, कोठी खेड़ा,नारौली के साथ साथ दर्जनों गांव तक पहुंच रहा है। पानी की आवक से बयाना -बसेडी स्टेट हाइवे पर पानी की चादर चलने लगी है। जिसके चलते यातायात बाधित हो गया है आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में अलर्ट
जलसंसाधन विभाग ने बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों के लिए चेतावनी जारी की है। विभाग ने लोगों से बहाव क्षेत्र से दूर रहने एवं अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की है।
किसानों की फसलें तबाह
तेज बारिश और बारैठा बांध से निकाले गए पानी के चलते खेतों में जलभराव हो गया है।हाल ही में बोई गई बाजरे की फ़सल पानी में डूबकर खराब हो गई है। जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है। जलसंसाधन विभाग के सहायक अभियंता दशरथ सिंह ने बताया कि कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश के चलते बारैठा बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।

