गोली मारकर एक जने की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) भरतपुर के चिकसाना थानांतर्गत फुलवारा गांव में रविवार शाम झगड़े में फंसे अपने बेटे को मार पिटाई से बचाने गए पिता की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अशोक (45) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दो बाइकों पर सवार युवको की बाइक के ट्रेक्टर ट्रॉली से टकराने के बाद कहासुनी ब मारपीट की खबर मिलने पर जब 45 वर्षीय अशोक अपने 21 वर्षीय बेटे ब्रजेश को बचाने आया तभी नामजद चार आरोपी युवको में से एक ने मृतक पर गोली चला दी। गम्भीर हालत में घायल अशोक को आरबीएम अस्पताल लाया गया लेकिन डाक्टरो ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को मॉर्च्यूरी में रखने से इनकार कर दिया। करीब आधे घंटे की समझाइश के बाद पुलिस ने शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया। पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन ठाकुर को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य तीन आरोपी छोटू, जीतू और सूरज की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है।