अवैध खनन के मामले में फरार 3 आरोपी गिरफ्तार: नेटवर्क में शामिल व्यक्तियों और खनन सामग्री के परिवहन को लेकर पूछताछ
डीग एसपी ओम प्रकाश मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन अरावली' के तहत पहाड़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध खनन के मामलों में तीन साल से फरार चल रहे तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पहाड़ी थाना पुलिस ने दबिश दी और इन आरोपियों को पकड़ा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से अवैध खनन से जुड़े नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों और खनन सामग्री के परिवहन से संबंधित जानकारियों को लेकर गहनता से पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहून पुत्र मजीद निवासी नांगल), असलम पुत्र खलील निवासी धौलेट और जाहिद पुत्र फज्जार निवासी धौलेट के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी अवैध खनन के प्रकरणों में वांछित थे और लगभग तीन वर्षों से फरार चल रहे थे।