सवाईमाधोपुर में अमरुद महोत्सव 18-19 जनवरी को होगा आयोजन
भरतपुर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार द्वारा डॉ किरोड़ी लाल मीणा, मंत्री कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, राजस्थान सरकार के नेतृत्व तथा कानाराम,जिला कलक्टर सवाईमाधोपुर के मार्गदर्शन में उद्यान विभाग, कृषि विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के माध्यम से दिनांक 18--19 जनवरी 2026 को सवाईमाधोपुर में अमरूद महोत्सव मनाया जा रहा है। इसमें अमरूद से संबंधित विभिन्न किस्मों, बगीचे लगाने की वैज्ञानिक विधियां, पोषक तत्वों की आवश्यकता, अमरूद प्रसंस्करण, फलों की गुणवत्ता के आधार छंटाई, ग्रेडिंग, पैकिंग, लेवलिंग, परिवहन तथा विपणन, अमरूद के मूल्य संवर्धन हेतु उद्योग धंधों की संभावना, व्यापारियों, किसानों, उद्यमियों का संगम, अमरूद के बगीचों में काम आने वाले विभिन्न उपकरणों, सूक्ष्म सिंचाई संयंत्रों, ग्रीन हाउस, सोलर पंप सेट, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, जैविक कीटनाशक, फफूंद नाशक इत्यादि को ध्यान में रखते हुए कृषि एवं उद्यानिकी संबंधी अन्य विभिन्न आधुनिक विधाओं और तकनीकों का प्रदर्शन किया जाना प्रस्तावित है।
इसी संबंध में योगेश कुमार शर्मा संयुक्त निदेशक उद्यान विभाग भरतपुर संभाग द्वारा आज सवाईमाधोपुर का भ्रमण किया गया और सभी समितियों तथा समिति प्रभारियों से मिलकर जानकारी ली गई। उद्यान विभाग में स्टाफ की बैठक लेते हुए अमरूद महोत्सव आयोजन हेतु किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अमरूद महोत्सव की सफलता के लिए दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान शर्मा ने अमरूद महोत्सव आयोजन स्थल दशहरा मैदान का अवलोकन/ भ्रमण किया गया और संबंधित प्रभारी अधिकारी से चर्चा की गई।
प्रभारी अधिकारी रासबिहारी गुप्ता तथा विजय जैन ने बताया कि इस महोत्सव को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए दशहरा ग्राउंड को 7 ब्लॉक में विभाजित कर प्रदर्शनी/ स्टाल लगाए जाने की व्यवस्था की गई है। इसमें विभिन्न सरकारी/ गैर सरकारी, किसानों/ एफपीओ तथा अन्य संगठनों द्वारा 200 से अधिक प्रदर्शनी/ स्टाॅल लगाया जाना प्रस्तावित है। अभी तक सरकारी संस्थाओं के 15, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद से 25 आदान विक्रेताओं के 40, कृषि यंत्रों के 40 , कृषि के यंत्रीकरण के 10 तथा उद्यानिकी के 20 संरक्षित खेती (ग्रीन हाउस) सोलर पंप सेट, लो टनल, मल्चिंग तथा सूक्ष्म सिंचाई के सजीव प्रदर्शन आयोजित किए जाने की सहमति प्राप्त हो चुकी है। पशुपालन विभाग के 5 जिसमें उन्नत नस्ल की गाय,भेंस, भेड़, बकरी तथा मुर्गी संजीव प्रदर्शन आयोजित करने की भी सहमति जताई गई है।
अमरूद महोत्सव में अमरूद के 20 किस्मों के फलों तथा 20 नर्सरियों का सजीव प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त अमरूद प्रसंस्करण की 25 इकाइयों का सजीव प्रदर्शन आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इस अमरूद महोत्सव में किसान भाई, एफपीओ तथा कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी,गैर सरकारी विभागों, संगठनों, इत्यादि इसमें अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने के लिए पंजीकरण कराकर भाग ले सकते हैं।

