लक्ष्मणगढ़ से खाटू श्याम के लिए नई रोडवेज बस सेवा 20 जुलाई से शुरू, श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। क्षेत्र के खाटू श्याम प्रेमियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) के दौसा डिपो द्वारा लक्ष्मणगढ़ से खाटू श्याम जी के लिए एक नई नियमित बस सेवा की शुरुआत की जा रही है। यह बस सेवा आज, 20 जुलाई से विधिवत रूप से संचालित होगी।
रोडवेज प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, यह बस प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे लक्ष्मणगढ़ से रवाना होगी। इसके बाद वाया हरसाना, मंडावर, महुआ, दौसा और जयपुर होते हुए दोपहर 1:00 बजे खाटू श्याम जी पहुंचेगी। वहीं, खाटू श्याम जी से वापसी में यह बस दोपहर 1:45 बजे प्रस्थान करेगी और रात 8:30 बजे वापस लक्ष्मणगढ़ पहुंचेगी।
ग्रामीण क्षेत्र के भक्तों की राह हुई आसान इस सीधी बस सेवा के शुरू होने से लक्ष्मणगढ़ सहित आस-पास के दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। अब तक खाटू श्याम जी जाने के लिए भक्तों को बार-बार बसें बदलनी पड़ती थी, जिससे समय और धन दोनों का नुकसान होता था।
क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है: "सीधी बस सेवा शुरू होने से अब बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए बाबा श्याम के दर्शन की यात्रा बेहद सुगम और आरामदायक हो जाएगी। बिना किसी परेशानी के भक्त एक ही दिन में दर्शन कर सुरक्षित वापस लौट सकेंगे।"
परिवहन निगम के इस फैसले का स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत करते हुए आभार जताया है।


