पुलिस गश्त पर सवालिया निशान; पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना के घर के समीप सूने मकान में लाखों की चोरी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर सावरकर नगर में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान लगा दिया है।
गौरतलब रहे कि यह घटना पूर्व मंत्री हेम सिंह भड़ाना के निवास के समीप स्थित एक सूने मकान में हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। चोरों ने सुनियोजित तरीके से मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया।
पीड़ित मुकेश मूर्ति ने बताया कि जब वे घर लौटे तो मकान के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से जरूरी दस्तावेज, नकदी सहित अन्य कीमती सामान गायब मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोर करीब तीन से साढ़े तीन लाख रुपये का माल चुरा ले गए। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत शिवाजी पार्क थाने में मामला दर्ज कराया।
चोरी की वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है । क्षेत्रवासियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।


