अग्रसेन महिला महाविद्यालय में विदाई समारोह आयोजित; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और टाइटल सेरेमनी ने बांधा समां, शैली सैनी बनीं 'मिस फेयरवेल-2026'
खेरली (दिनेश लेखी) अग्रसेन महिला महाविद्यालय में बीए एवं बीएससी सेमेस्टर-6 की छात्राओं के सम्मान में शनिवार को भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा श्री अग्रसेन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अशोक गुप्ता, मंत्री अजीत गोयल, पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बनवारी लाल उपाध्याय, बी.एड. कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अनुराधा लवानिया तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. नेहा गोयल द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विदाई के भावुक माहौल के बीच छात्राओं ने अपने कॉलेज जीवन के खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
- तीन चरणों की परीक्षा पार कर शैली बनीं 'मिस फेयरवेल'
समारोह का मुख्य आकर्षण टाइटल सेरेमनी रही, जिसमें प्रतिभागियों ने परिचय (Introduction), टैलेंट एवं प्रश्नोत्तरी जैसे तीन कड़े चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शैली सैनी ने 'मिस फेयरवेल-2026' का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथियों ने विजेता छात्रा को ताज पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
- संस्कार और अनुभव ही सफलता की नींव: गुप्ता
मुख्य अतिथि अशोक गुप्ता ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय का जीवन व्यक्ति के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और यादगार पड़ाव होता है। यहां प्राप्त शिक्षा, संस्कार और अनुभव भविष्य की सफलता की मजबूत नींव बनते हैं। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने तथा परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं संयोजन डॉ. नेहा गोयल के निर्देशन में किया गया। इस दौरान सौरभ अग्रवाल, संतोष कुमार शर्मा, श्रीमती ओमवती देवी, श्रीमती हेमलता गोयल, श्रीमती रेखा जैन, मंगल सैनी, रुपेश शर्मा, मोनू साहू, नितेश चौधरी, मोहन सिंह जाट सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


