निकाय व पंचायत चुनाव से पहले ईडब्ल्यूएस आरक्षण की मांग तेज; ब्राह्मण समाज ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) कस्बे में मंगलवार को ब्राह्मण समाज के लोगों ने समाज अध्यक्ष गौतम मारवाल के नेतृत्व में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम उदयपुरवाटी तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की गई है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि EWS वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है, जिसका मूल उद्देश्य सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक समानता का अवसर प्रदान करना है। हालांकि, व्यावहारिक धरातल पर इस वर्ग को अभी भी अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
- निकाय व पंचायत चुनाव में सीटों के आरक्षण की मांग
ज्ञापन के माध्यम से मांग उठाई गई कि आगामी पंचायत एवं नगरीय निकाय (नगर पालिका) चुनावों में EWS वर्ग के लिए सीटों का निश्चित आरक्षण किया जाए। जिस प्रकार एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित सीटों पर अन्य वर्ग चुनाव नहीं लड़ सकते, उसी तर्ज पर EWS वर्ग के लिए भी सीटें आरक्षित की जाएं। इससे इस वर्ग का राजनीतिक प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्राह्मण समाज अध्यक्ष गौतम मारवाल के साथ राजेंद्र मारवाल, हंस कुमार शर्मा, ताराचंद पटेल, रामरतन शर्मा, अजय दायमा, आशीष शर्मा, प्रमोद शर्मा, परमानंद दाधीच, बिरजू महाराज, पवन पुरोहित सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।


