धूमधाम से मनाया जाएगा अजमीढ़ धाम का 17वां स्थापना दिवस; 30 व 31 जुलाई को होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
उदयपुरवाटी/बुगाला (सुमेर सिंह राव) स्वर्णकार समाज के आदि पुरुष महाराजा अजमीढ़ मंदिर का 17वां स्थापना दिवस हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ 30 व 31 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह को लेकर समाज के लोगों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
महाराजा अजमीढ़ स्मृति जन कल्याण संस्थान के अध्यक्ष प्रभुदयाल डावर एवं कोषाध्यक्ष विनोद सुनालिया ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत 30 जुलाई की रात्रि को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न स्थानों से आए नामचीन कलाकार एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
वहीं, 31 जुलाई को प्रातः 8:15 बजे जगदम्बा धर्मशाला (जीणमाता) से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो गाजे-बाजे के साथ अजमीढ़ धाम पहुंचेगी। कलश यात्रा में समाज की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मंगल गीत गाते हुए भाग लेंगी।
जयपुर से घनश्याम बबेरवाल ने जानकारी दी कि मुख्य समारोह 31 जुलाई को प्रातः सवा दस बजे दीप प्रज्वलन के साथ शुरू होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शोहरतगढ़ के विधायक विनय वर्मा होंगे। इसके पश्चात उद्बोधन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भामाशाहों, पत्रकारों, नए सदस्यों और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।


