बावड़ी में आरएलपी के रामकिशोर और हतुंडी में कांग्रेस के महेंद्र दादरवाल बने उपप्रधान; दोनों जगह एक ही दल का कब्जा
बावड़ी में आरएलपी के रामकिशोर और हतुंडी में कांग्रेस के महेंद्र दादरवाल बने उपप्रधान; दोनों जगह एक ही दल का कब्जा
बावड़ी/हतुंडी/जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)। बावड़ी और हतुंडी पंचायत समितियों में शनिवार को उपप्रधान पद के चुनाव संपन्न हो गए। बावड़ी पंचायत समिति में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के रामकिशोर तथा हतुंडी पंचायत समिति में कांग्रेस के महेंद्र दादरवाल उपप्रधान निर्वाचित हुए। दोनों ही पंचायत समितियों में प्रधान और उपप्रधान दोनों महत्वपूर्ण पदों पर एक ही दल का कब्जा कायम हो गया है।
बावड़ी में आरएलपी के रामकिशोर 3 मतों से विजयी बावड़ी पंचायत समिति में उपप्रधान पद के लिए आरएलपी के रामकिशोर और कांग्रेस प्रत्याशी सीता के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना में रामकिशोर को 9 मत मिले, जबकि कांग्रेस की सीता को 6 मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार रामकिशोर ने 3 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। उल्लेखनीय है कि बावड़ी पंचायत समिति के 15 सदस्यों में आरएलपी के 9, कांग्रेस के 5 तथा 1 निर्दलीय सदस्य शामिल हैं। इससे पूर्व शुक्रवार को हुए प्रधान पद के चुनाव में भी आरएलपी के डॉ. गौतमराम चौधरी ने 9 मत प्राप्त कर जीत हासिल की थी। अब प्रधान और उपप्रधान दोनों पदों पर आरएलपी का नेतृत्व स्थापित हो गया है।
हतुंडी में कांग्रेस के महेंद्र दादरवाल 7 मतों से विजयी दूसरी ओर, हतुंडी पंचायत समिति में उपप्रधान पद के लिए कांग्रेस के महेंद्र दादरवाल और भाजपा के जितेंद्र सिंह के बीच मुकाबला हुआ। इसमें महेंद्र दादरवाल को 11 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह को 4 मत मिले। इस तरह दादरवाल ने 7 मतों के अंतर से विजयी रहे। हतुंडी पंचायत समिति में कांग्रेस के 10, भाजपा के 4 और आरएलपी का 1 निर्वाचित सदस्य हैं। शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस की धनी देवी को 11 मत मिले थे, जिन्हें आरएलपी के एक सदस्य का समर्थन भी मिला था।
दोनों पंचायत समितियों में प्रधान और उपप्रधान पदों के चुनाव पूर्ण होने के साथ ही स्थानीय नेतृत्व की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। बावड़ी में आरएलपी और हतुंडी में कांग्रेस ने प्रधान व उपप्रधान दोनों पदों पर जीत दर्ज कर अपनी स्थिति मजबूत की है।

