नवोदय में दाखिले का मौका: कक्षा 9वीं और 11वीं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 30 सितंबर तक भरें फॉर्म
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 9वीं एवं 11वीं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 30 सितम्बर तक कर सकेंगे आवेदन
हलैना (विष्णु मित्तल)। भारत सरकार द्वारा गाँव छोंकरवाड़ा कलां में संचालित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027 के लिए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में रिक्त पड़े स्थानों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। पात्र छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 तय की गई है।
विद्यालय के प्राचार्य ए. बी. सक्सेना ने बताया कि भरतपुर एवं डीग जिले के राजकीय अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में सत्र 2026-27 के दौरान कक्षा 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी कक्षा 9वीं के लिए तथा कक्षा 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी कक्षा 11वीं के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे।
आवेदन से जुड़ी मुख्य बातें:
-
पात्रता क्षेत्र: केवल भरतपुर एवं डीग जिले के राजकीय व मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढ़ रहे छात्र-छात्राएं ही आवेदन कर सकते हैं।
-
चयन प्रक्रिया: प्रवेश जवाहर नवोदय विद्यालय की निर्धारित चयन परीक्षा/प्रक्रिया के अनुसार होगा।
-
अंतिम तिथि: 30 सितम्बर 2026 तक ऑनलाइन फॉर्म भरे जा सकते हैं।
प्राचार्य ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे तकनीकी दिक्कतों और अंतिम समय की भागदौड़ से बचने के लिए समय रहते अपना ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।

