हरियालो राजस्थान अभियान, छोंकरवाड़ा कलां में गूंजा हरियाली का संदेश
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) जिले में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनअभियान का स्वरूप देने के उद्देश्य से हरियालो राजस्थान अभियान के तहत गुरुवार को भुसावर की ग्राम पंचायत छोंकरवाड़ा कलां में जिला स्तरीय सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कदम्ब का पौधा लगाकर पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया और जिले को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया।
जिला कलक्टर ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की जिम्मेदारी है। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में अधिकाधिक पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायती राज, वन, कृषि एवं उद्योग, शिक्षा, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों को दिए गए पौधारोपण लक्ष्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में हरित आवरण बढ़ाने के लिए जनभागीदारी को अभियान की सबसे बड़ी ताकत बनाया जा रहा है। प्रत्येक व्यक्ति पौधा लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए, तभी पौधारोपण का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।
बच्चों से लेकर अधिकारियों तक ने थामा पौधा-
सीईओ जिला परिषद मृदुल सिंह ने बताया कि छोंकरवाड़ा कलां में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पीपल, नीम, कदम्ब और बरगद सहित 2 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जिले में हरित आवरण बढ़ाने के साथ बच्चों और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाले कल की हरियाली और स्वस्थ पर्यावरण की नींव है। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों एवं विभागीय कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी ने हरियालो राजस्थान अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान वन संरक्षण अनुसंधान एवं प्रबंधन परियोजना (एफपीआरपी) के लिए वन संरक्षक (सीएफ) एवं आईएफएस सुपोंग साशी, डीएफओ चेतन कुमार, एसीएफ अक्षय कुमार, डीसीएफपी वालामुरुगन, उपखंड अधिकारी भुसावर राधेश्याम मीना, तहसीलदार महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता नरेंद्र वर्मा तथा उद्यान विभाग के उप निदेशक जनकराज मीना, नवोदय विद्यालय प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया।
नवोदय विद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा-
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने छाैंकरवाड़ा कलां नवोदय विद्यालय पहुंचकर आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन, आवासीय सुविधाओं सहित विद्यालय में उपलब्ध अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से सहज संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी जाना। उन्होंने विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ उनकी सुविधाओं और आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

