युवा संबल मेला-2026 का 21 जनवरी को होगा आयोजन
भरतपुर,(कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग द्वारा युवा संबल मेला-2026 का आयोजन बुधवार, 21 जनवरी को किया जाएगा।
उप निदेशक जिला रोजगार कार्यालय रघुवीर सिंह ने बताया कि यह मेला महारानी श्री जया महाविद्यालय, खेल मैदान, भरतपुर में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार कार्यालय, भरतपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का उद्देश्य जिले के बेरोजगार आशार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा राज्य सरकार की विभिन्न लाभार्थी योजनाओं एवं आउटरीच योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है।
युवा संबल मेले के माध्यम से युवाओं को स्व-रोजगार, निजी क्षेत्र में रोजगार तथा प्रशिक्षुता (एप्रेंटिसशिप) से संबंधित अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मेले में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
उप निदेशक रघुवीर सिंह ने जिले के समस्त योग्य युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं एवं निर्धारित तिथि व स्थान पर उपस्थित होकर रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी प्राप्त करें।