पंचायती राज चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, बावड़ी सहित कई गांवों में निकाला फ्लैग मार्च
बावड़ी (जोधपुर/ मिश्रीलाल लखारा) आगामी पंचायती राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में खेड़ापा थाना क्षेत्र के बावड़ी सहित आसपास के कई गांवों में पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।
पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशानुसार भोपालगढ़ वृत्ताधिकारी गुलाबाराम के नेतृत्व में फ्लैग मार्च आयोजित किया गया। इसमें खेड़ापा थानाधिकारी लाखाराम जाखड़ आसोप थाना अधिकारी सुरेंद्र दुस्तवा, भोपालगढ़थाना पुलिस का जाप्ता शामिल रहा। पुलिस टीम ने विभिन्न गांवों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
कई गांवों में पहुंचा पुलिस का फ्लैग मार्च
आसुचना अधिकारी महिपाल ग्वाला ने बताया कि पुलिस का फ्लैग मार्च बावड़ी, कास्टी, सेवकी कलां एवं खुर्द, बुचेटी, सेवागांव, बिराई और मैलाणा सहित आसपास के गांवों में निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया गया।
निष्पक्ष चुनाव कराने पर जोर
आगामी पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन का उद्देश्य मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकना है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस प्रशासन ने आमजन में विश्वास कायम रखने तथा असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

