महुवा में 'गोल्डन दशहरा महोत्सव' की धूम: 80 फीट के रावण का हुआ दहन, अखाड़े के पहलवानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
महुवा (अवधेश अवस्थी) नगरपालिका महुवा एवं गणेश मन्दिर कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'गोल्डन दशहरा महोत्सव' शहर में धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच तीन दर्जन से अधिक नयनाभिराम जीवंत झांकियां निकाली गईं, वहीं हनुमान अखाड़े के कलाकारों और पहलवानों ने तलवारबाजी व पट्टेबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाकर शहरवासियों को रोमांचित कर दिया।
कमेटी पदाधिकारियों ने बताया कि ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे भरतपुर रोड स्थित दादू मैरिज रिसॉर्ट से भव्य शोभायात्रा रवाना हुई। आकर्षक रोशनी से सजी झांकियों और अखाड़े के प्रदर्शन को देखने के लिए शहरभर में श्रद्धालुओं व दर्शकों का हुजूम उमड़ पड़ा।
इसके पश्चात टीकाराम पालीवाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खेल मैदान में भव्य रोशनी व आतिशबाजी के बीच 80 फीट ऊंचे रावण सहित मेघनाद और कुंभकर्ण के विशालकाय पुतलों का दहन किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल, उपखंड अधिकारी प्रेम राज मीणा, पुलिस उपाधीक्षक अनूप सिंह, थानाधिकारी महेंद्र यादव तथा महुवा प्रेस क्लब अध्यक्ष गौपुत्र अवधेश अवस्थी उपस्थित रहे। पुतला दहन, झांकी प्रतियोगिता और आसमान में बिखरती रंग-बिरंगी आतिशबाजी के मनमोहक नजारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

