देवरिया में दोहरा हत्याकांड: मेला देखकर लौट रहे दो युवकों की चाकू से गोदकर हत्या, इलाके में सनसनी
देवरिया (शशि जायसवाल) जिले में दशहरे के दौरान दो युवकों की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मईल थाना क्षेत्र में रामजानकी मार्ग (NH-227A) पर बढ़या हरदो गांव के पास मंगलवार की आधी रात करीब 12 बजे अज्ञात हमलावरों ने बाइक सवार दो युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।मृतकों की पहचान करजहां निवासी वकील यादव (35) और ईटहुरा हजाम टोला निवासी विनय यादव (32) के रूप में हुई है। वकील यादव लार रोड रेलवे स्टेशन पर गेटमैन (केबिनमैन) के पद पर तैनात थे, जबकि विनय यादव अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे से गोरखपुर आवास विकास परिषद में नौकरी कर रहे थे।
मेला देखने की बात कहकर घर से निकले थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक मंगलवार शाम करीब सात बजे मेला देखने जाने की बात कहकर एक ही बाइक से लार की ओर निकले थे। देर रात घर लौटते समय बढ़या हरदो गांव के पास सीडीआर कंपनी के सामने अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों पर चाकू से कई वार किए गए। हमले में एक युवक का गला भी रेते जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी मिली।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर भी रात में घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना कर जांच-पड़ताल की।
खुलासे के लिए तीन टीमें गठित
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला हत्या का है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने जल्द ही वारदात का खुलासा करने की बात कही।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। दो युवकों की एक साथ हुई हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

