उपनगर पुर में धूमधाम से मनाया गया दशहरा पर्व, धू-धू कर जला रावण का पुतला
शस्त्र पूजन के बाद निकला अखाड़ों का प्रदर्शन, प्रभु श्रीराम और रावण के युद्ध का हुआ मंचन; असत्य पर सत्य की जीत का दिया संदेश
पुर (भीलवाड़ा राजकुमार गोयल) उपनगर पुर में विजयादशमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जगदीश चंद्र दरक मेमोरियल स्टेडियम में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन हुआ। रावण दहन देखने के लिए गांव के सभी समाजों के लोग, बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरा वातावरण जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत नीलकंठ महादेव व्यायामशाला, शिव व्यायामशाला तथा मंडी के बालाजी व्यायामशाला में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन से हुई। इसके पश्चात अखाड़ों के पहलवानों ने नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आकर्षक अखाड़ा प्रदर्शन किया और जगदीश चंद्र दरक मेमोरियल स्टेडियम पहुंचे। पहलवानों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रभु श्रीराम के बेवाण के साथ पहुंची शोभायात्रा
श्रीराम सेवा के तत्वावधान में प्रभु श्रीराम के बेवाण को शोभायात्रा के रूप में स्टेडियम तक लाया गया। यहां भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का भव्य मंचन किया गया। युद्ध के दौरान उपस्थित दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। निर्धारित समय शाम 6:15 बजे प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। देखते ही देखते दशानन का पुतला धू-धू कर जल उठा और पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज गया।
रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। दशहरा पर्व ने उपस्थित लोगों को मर्यादा, सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
पुलिस प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था
दशहरा महोत्सव के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता का परिचय दिया।
महाआरती के बाद निकला जुलूस
रावण दहन के पश्चात स्टेडियम में महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस रवाना हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। जुलूस अंत में बड़े मंदिर पहुंचा, जहां आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रम का समापन हुआ।
उपनगर पुर में सभी समाजों के लोगों की सहभागिता से दशहरा पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश दिया। आयोजन से जुड़े लोगों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त ग्रामवासियों, पुलिस प्रशासन और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

