मकराना में गूंजा 'जय श्रीराम' का जयघोष: 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का हुआ दहन, भव्य आतिशबाजी से जगमगा उठा आसमान
मकराना (मोहम्मद शहजाद)
मार्बल नगरी मकराना में मंगलवार को विजयदशमी का पावन पर्व अपार श्रद्धा, हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। चारभुजा विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह के दौरान भगवान श्री चारभुजा नाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसके बाद दशहरा मेला मैदान में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ 80 फीट ऊंचे रावण का दहन किया गया। रावण के पुतले के धूं-धूं कर जलते ही पूरा मैदान 'जय श्रीराम' के जयघोष से गूंज उठा।
भव्य आतिशबाजी और उमड़ा जनसैलाब
दशहरा महोत्सव में मकराना शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। रावण दहन के दौरान की गई भव्य आतिशबाजी ने पूरे आसमान को रोशन कर दिया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
शोभायात्रा और धार्मिक अनुष्ठान
चारभुजा विकास समिति के सचिव महेश पुजारी ने जानकारी दी कि दोपहर सवा 3 बजे भगवान श्री चारभुजा नाथ की शोभायात्रा चारभुजा मंदिर से रवाना होकर दशहरा मेला मैदान पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए और अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया गया।
इस ऐतिहासिक महोत्सव के मुख्य अतिथि सतगुरुदेव श्री श्री मुकुंद शरण महाराज रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंवर सूर्यवीर सिंह चौहान ने की। समिति के संरक्षक चंद्रवीर सिंह चौहान की सहमति से उनके पुत्र एवं समिति अध्यक्ष कुंवर सूर्यवीर सिंह चौहान ने शाम सवा 6 बजे रावण के कुंडल को निशाना बनाकर असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक रावण के पुतले का दहन किया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शोभायात्रा
रावण दहन के पश्चात भगवान श्री चारभुजा नाथ की शोभायात्रा दशहरा मेला मैदान से रवाना होकर बाईपास पुलिया, गहलोत कॉलोनी, हॉस्पिटल रोड और पाबूजी के चबूतरे से होते हुए वापस चारभुजा मंदिर पहुंची। यहां भगवान की महाआरती उतारी गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
दिग्गजों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
इस भव्य आयोजन में मकराना के विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, नगर परिषद सभापति रियाज अहमद गौड़, उपसभापति फरहान गहलोत, प्रधान सुमिता भींचर सहित शहर के अनेक राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गणमान्य नागरिक एवं पार्षद बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

