लक्ष्मणगढ़ में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: सफाई व्यवस्था के कार्य आदेश रद्द करने पर ईओ चेतन कुमार निलंबित, डीएलबी जयपुर किया गया मुख्यालय
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और कचरा परिवहन सेवाओं से जुड़े मामलों में मनमानी करना अधिशासी अधिकारी (EO) को भारी पड़ गया है। राज्य सरकार ने लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी चेतन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की यह गाज नगर पालिका क्षेत्र में सफाई और कचरा परिवहन के कार्य आदेशों को रद्द किए जाने के मामले में गिरी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा नगरीय निकायों में साफ-सफाई की व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका की ओर से सफाई व्यवस्था और कचरा परिवहन सेवाओं के कार्य आदेशों को रद्द कर दिया गया। खास बात यह रही कि यह कार्रवाई तब की गई जब इस संबंध में नगर पालिका की ओर से प्रस्तुत अपील उच्च स्तर पर विचाराधीन थी। प्रक्रिया और नियमों को ताक पर रखकर लिए गए इस निर्णय को सरकार ने अनुशासनहीनता मानते हुए यह सख्त कदम उठाया है।
मुख्यालय रहेगा डीएलबी जयपुर
निलंबन अवधि के दौरान निलंबित अधिशासी अधिकारी चेतन कुमार का मुख्यालय निदेशालय स्थानीय निकाय विभाग (DLB) जयपुर रहेगा। वहीं, नियमों के तहत उन्हें मिलने वाले निर्वाह भत्ते का भुगतान लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका द्वारा किया जाएगा। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई के बाद से हड़कंप मचा हुआ है।

