पंचायत चुनाव 2026: महुवा में विधायक राजेंद्र मीणा का तूफानी जनसंपर्क,चुनावी कार्यालय का हुआ शुभारंभ
महुवा (अवधेश अवस्थी)
पंचायती राज चुनाव 2026 की आहट के साथ ही महुवा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। बुधवार को महुवा विधायक राजेंद्र मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने महुवा विधानसभा क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने भाजपा समर्थित जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
हड़िया मोड़ पर चुनाव कार्यालय का उद्घाटन
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत सुबह 9 बजे ग्राम पंचायत मुख्यालय पावटा से हुई। इसके बाद अतिथियों ने हड़िया मोड़ पर जिला परिषद वार्ड संख्या 27 से भाजपा प्रत्याशी मंजू लता जाटव के चुनाव कार्यालय का पूजा-अर्चना कर विधिवत फीता काटकर शुभारंभ किया। साथ ही रौत और हड़िया में पंचायत समिति सदस्य प्रत्याशी प्रवीण शर्मा (भोली) के चुनावी कार्यालय का भी उद्घाटन किया गया।
"विकास में नहीं आने देंगे धन की कमी"
जनसभाओं को संबोधित करते हुए विधायक राजेंद्र मीणा ने कहा कि महुवा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश सरकार से बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीण जनता से एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन करने का आह्वान किया।
सुबह से देर रात तक गांवों में जनसंपर्क
विधायक मीणा और जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला का काफिला टीकरी, सालिमपुर, पाली, रसीदपुर, बड़ीन, कमालपुर, समलेटी, पाडली, कीर्ति नंगला, खोंचपुरी, बिरौंदा, सायपुर, खोंहरी, आंतरहेड़ा, गगवाना, ग्वारकी, गोया का बास, बालाहेड़ी होते हुए देर रात 8 बजे मीना बास (टुडियाना) पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया।
ये गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम में ABVP जयपुर पूर्व प्रांत संयोजक हर्ष अवस्थी, नगरपालिका महवा चेयरमैन विनीत बंसल, विधानसभा संयोजक विमल जैन, एडवोकेट सत्यनारायण शर्मा, प्रत्याशी मंजू लता जाटव, प्रवीण शर्मा सहित मंडल पदाधिकारी, सरपंच प्रत्याशी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

