गोविंदगढ़ के न्याना में बनेगी पानी की टंकी:10 साल से ग्रामीण हो रहे परेशान, भूमि पूजन हुआ
अलवर के गोविंदगढ़ स्थित न्याना गांव में पेयजल संकट को दूर करने के लिए पानी की टंकी के निर्माण का भूमि पूजन किया गया। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह की पहल पर यह कार्य शुरू हुआ है। पिछले 10 वर्षों से न्याना गांव के ग्रामीण गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे थे। इस टंकी के निर्माण से अब गांव के हर घर तक पर्याप्त पानी पहुंचने की उम्मीद है।
इस परियोजना से गांव की महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से राहत मिलेगी, जिन्हें पानी लाने के लिए दूर तक जाना पड़ता था। विधायक सुखवंत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह परियोजना भी इसी दिशा में एक कदम है।