शहीद बिजेंद्र सिंह तेतरवाल की प्रथम पुण्यतिथि व मूर्ति अनावरण कार्यक्रम 5 जून को, दलेलपुरा के पदेवा गांव में जुटेगी राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां
दलेलपुरा (सुमेर सिंह राव)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत दलेलपुरा के पदेवा गांव में आज, 05 जून 2026 को सुबह 10:00 बजे देश के वीर सपूत शहीद विजेन्द्र सिंह तेतरवाल की प्रथम पुण्यतिथि एवं भव्य मूर्ति अनावरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस गौरवमयी समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट जन: शहीद स्मारक समिति के अनुसार, इस भव्य मूर्ति अनावरण समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजोर होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर, झुंझुनूं जिला प्रमुख व बीजेपी जिला अध्यक्ष हर्षिनी अतुल कुमार तथा खेतड़ी के पूर्व विधायक व पूर्व ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह शिरकत करेंगे। समारोह की अध्यक्षता दलेलपुरा ग्राम पंचायत की प्रशासक झीमा देवी करेंगी।
देशभक्ति गीतों से गूंजेगा पदेवा गांव: कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुबह 8:00 बजे से शुरू होने वाली सांस्कृतिक एवं देशभक्ति की प्रस्तुतियां रहेंगी। 'सुरेश आर्य एंड पार्टी' द्वारा वीर रस के देशभक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से शहीद बिजेंद्र सिंह तेतरवाल की जीवनी व उनकी शहादत को संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी।
ग्राम पंचायत प्रशासन, शहीद परिवार और प्रबुद्ध ग्रामीणों ने क्षेत्र की धर्मप्रेमी व राष्ट्रभक्त जनता से अपील की है कि आज सुबह पदेवा गांव में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देश के अमर शहीद को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें और समारोह की शोभा बढ़ाएं।


