फर्जी वसीयत बनाकर संपत्ति हड़पने का आरोपी गिरफ्तार
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। फर्जी वसीयत तैयार कर करोड़ों की संपत्ति हड़पने के मामले में मकराना थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी धोखाधड़ी और मारपीट सहित आधा दर्जन मामले दर्ज हैं।
15 साल पुराने मामले में हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मकराना के कायता मोहल्ला निवासी रईसा पत्नी अब्दुल गफूर रांदड़ द्वारा दर्ज कराए गए एक पुराने धोखाधड़ी के मामले में की गई है। साल 2011 में दर्ज मुकदमा संख्या 227/2011 में आरोपी फय्याज (63) पुत्र अब्दुल जब्बार चौधरी के खिलाफ धारा 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान सुरक्षा की जालसाजी) और 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) के तहत मामला दर्ज था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल द्वारा की जा रही थी। सीओ नागपाल ने गहन तकनीकी व दस्तावेजी जांच के बाद आरोपी के खिलाफ लगे आरोपों को पूरी तरह प्रमाणित पाया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार: "आरोपी फय्याज ने परिवादी रईसा की बेशकीमती संपत्ति को हड़पने की नीयत से एक जाली वसीयत तैयार की थी। इस फर्जी दस्तावेज के बूते आरोपी ने संपत्ति पर अवैध कब्जा करने और मालिकाना हक जताने का प्रयास किया था।"
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी फय्याज आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है। उस पर पूर्व में भी अलग-अलग थानों में धारा 341, 323, 427, 420, 406 और 120B के तहत 6 अन्य मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों में आरोपी पहले भी कई बार जेल की हवा खा चुका है। शनिवार को पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


