अरावली स्किल डेवलपमेंट सेंटर के 25 युवाओं का हुआ प्लेसमेंट; टेनेको इंडिया प्रालि ने साक्षात्कार के बाद चयनित अभ्यर्थियों को दिया रोजगार अवसर
कठूमर (दिनेश लेखी) कस्बे के अरावली ग्रुप ऑफ एजुकेशन द्वारा संचालित अरावली स्किल डेवलपमेंट सेंटर (दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना) में प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं के लिए रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। सेंटर में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में टेनेको इंडिया प्रा. लि. द्वारा चयन प्रक्रिया संपन्न कर 25 अभ्यर्थियों का रोजगार हेतु चयन किया गया।
कॉलेज निदेशक राजेश चौधरी ने बताया कि प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान कुल 40 प्रशिक्षित विद्यार्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया। कंपनी की चयन टीम ने अभ्यर्थियों की योग्यता, तकनीकी ज्ञान एवं कार्यकुशलता का परीक्षण करने के बाद 25 युवाओं का चयन किया।
साक्षात्कार लेने के लिए कंपनी की ओर से एचआर हेड संदीप बिष्ट, सौरव तिवारी एवं नीरज गोयल उपस्थित रहे। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की बाबल प्रोडक्शन इकाई में शीघ्र जॉइनिंग के निर्देश दिए गए हैं।
निदेशक चौधरी ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। चयनित विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से अन्य प्रशिक्षुओं को भी प्रेरणा मिलेगी तथा क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने चयनित सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संस्थान के स्टाफ एवं प्रशिक्षकों ने भी चयनित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया।


