हरियालो राजस्थान अभियान का शुभारंभ, विधायक रमेश खींची ने मां के नाम लगाया पौधा
कठूमर (दिनेश लेखी) मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत टिटपुरी में "हरियालो राजस्थान-एक पेड़ मां के नाम" अभियान का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक रमेश खींची की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक ने अपनी माताजी के नाम एक पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की।
ग्राम पंचायत टिटपुरी के सरपंच हरवीर चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित "हरियालो राजस्थान" अभियान के तहत अधिकाधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी उद्देश्य से टिटपुरी स्थित बैनामी संत आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रमेश खींची ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व सम्मान और प्रकृति संरक्षण का भी प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ वातावरण के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष सियाराम पटेल, रामोतार कुमावत, तेजसिंह जादौन, कमल सिंह, सुनील शर्मा, दशरथ नरूका, बलराम सिंह, अशोक, शिवचेतन दास, महंत सहजाद, खेमनाथ, शैरी, सूरज, शोभाराम, मुकेश कोली सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


