राज्यपाल हरीभाऊ बागड़े व विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शाकंभरी के दरबार में नवाया शीश
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) निकटवर्ती प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल सकराय स्थित माता शाकम्भरी के दरबार में चल रहे गुप्त नवरात्र के पावन अवसर पर शनिवार को प्रदेश के राज्यपाल हरीभाऊ किशनराव बागड़े और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने माता के दर्शन कर शीश नवाया। दोनों अतिथियों ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंत्रोच्चार के साथ हुआ भव्य स्वागत
शाकम्भरी माता के दरबार में पहुंचने पर राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य पंडित केदार शर्मा, डॉ. सुमन शर्मा, बड़ागांव के चंदू शर्मा और भाजयुमो के नितेश सैनी उदयपुरवाटी ने अतिथियों की अगवानी की। इस दौरान विप्रजनों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्पवर्षा के साथ राज्यपाल का अभिनंदन किया। मंदिर की दहलीज पर पुजारी पवन शर्मा, राजेंद्र शर्मा और विकास शर्मा ने पूरी विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाई। इसके बाद पंडित केदार शर्मा व डॉ. सुमन शर्मा ने राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष को माता की चुनरी का दुपट्टा, साफा और माला पहनाकर माता का आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद भेंट किया।
शतचंडी अनुष्ठान में दी आहुति
राज्यपाल बागड़े और विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने परिसर में स्थित मदनमोहन मंदिर में चल रहे शतचंडी अनुष्ठान में भी भाग लिया। यहाँ आचार्य जगदीश प्रसाद शास्त्री और महावीर प्रसाद शर्मा के नेतृत्व में विप्र मंडली द्वारा करवाए जा रहे मंत्रोच्चार के बीच दोनों दिग्गजों ने पूजा-अर्चना कर आहुतियां दीं।
प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद
महामहिम राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के इस वीवीआईपी दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक (SP) प्रवीण नायक नूनावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. तेजपाल, तहसीलदार भागीरथ यादव, पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियंता शिखा, सीआई मनोज कुमार सहित बद्रीप्रसाद, रमेश और कई अन्य अधिकारी व गणमान्य लोग मौजूद रहे।


