लोहार्गल के वेंकटेश बालाजी मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर सजेंगे धार्मिक अनुष्ठान
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव) निकटवर्ती प्रसिद्ध धार्मिक तीर्थ स्थल लोहार्गल धाम स्थित श्री वेंकटेश बालाजी मंदिर परिसर में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा का पर्व भव्यता व श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
वेंकटेश बालाजी मंदिर के महंत श्री श्री 1008 स्वामी अश्विनी आचार्य महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सुबह 8:15 बजे मंदिर परिसर में गुरु चरण पूजन का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें श्रद्धालु अपने गुरुदेव का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात प्रातः 9:15 बजे गुरु मंत्र दीक्षा का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें नए मुमुक्षुओं को दीक्षा प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे (प्रसादी) का आयोजन होगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। आयोजन को लेकर मंदिर ट्रस्ट व स्थानीय भक्तों द्वारा तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं।

