लघु उद्योग भारती की मासिक बैठक सम्पन्न, TTZ, औद्योगिक विकास, पर्यटन एवं निवेश प्रोत्साहन सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) लघु उद्योग भारती, भरतपुर की मासिक कार्यकारिणी बैठक का आयोजन वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन बंसल की अध्यक्षता में उनके प्रतिष्ठान मेसर्स कैलाशचंद रामनाथ, नई मंडी, भरतपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य संजय चौधरी कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण अग्रवाल, अनुपम सिंह, गिरीश अग्रवाल तथा संगठन के सचिव राहुल बंसल उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के पूर्व निर्धारित एजेंडा के अनुसार विभिन्न औद्योगिक, आधारभूत संरचना एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मोहन बंसल ने कहा कि भरतपुर के औद्योगिक विकास, नए निवेश, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान हेतु लघु उद्योग भारती निरंतर सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाती रहेगी। उन्होंने कहा कि संगठन शासन एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य संजय चौधरी ने TTZ (ताज ट्रेपेजियम जोन) प्रकरण में माननीय सर्वोच्च न्यायालय में चल रही प्रभावी पैरवी की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि भरतपुर को TTZ के कठोर प्रतिबंधों से राहत दिलाने के उद्देश्य से संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि संगठन के कार्यालय एवं कौशल विकास (Skill Development) केन्द्र के लिए RIICO द्वारा भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है, जिससे भविष्य में उद्यमियों एवं युवाओं को प्रशिक्षण एवं संगठनात्मक गतिविधियों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी।
भारत भूषण अग्रवाल ने कहा कि उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएँ अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने ब्रज इंडस्ट्रियल एरिया की मुख्य संपर्क सड़क के शीघ्र निर्माण, औद्योगिक क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान तथा भरतपुर को मथुरा एवं अलवर से फोरलेन सड़क मार्ग द्वारा जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
अनुपम सिंह ने भरतपुर की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि श्री बाँके बिहारी जी मंदिर, लोहागढ़ दुर्ग, केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान सहित जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने भरतपुर को Wedding Destination के रूप में विकसित करने तथा पर्यटन आधारित निवेश को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
गिरीश अग्रवाल ने कहा कि TTZ प्रतिबंधों के कारण जिले में नए उद्योगों की स्थापना प्रभावित हुई है। इसलिए भरतपुर के लिए शिक्षा, चिकित्सा, आईटी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), होटल एवं पर्यटन क्षेत्रों में विशेष निवेश प्रोत्साहन नीति लागू कर अतिरिक्त प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता है, जिससे जिले में नए रोजगार एवं निवेश के अवसर बढ़ सकें।
सचिव राहुल बंसल ने बैठक में संगठन द्वारा जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार को भेजे जाने वाले विभिन्न प्रस्तावों एवं ज्ञापनों की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर महोदय को भेजे जाने वाले प्रस्तावों में TTZ प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय की प्रभावी पैरवी हेतु आवश्यक पर्यावरणीय एवं तकनीकी आंकड़े उपलब्ध कराने, भरतपुर को मथुरा एवं अलवर से फोरलेन सड़क मार्ग से जोड़ने, धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार, भरतपुर को Wedding Destination के रूप में विकसित करने, NCR की नई नीति में स्थानीय AQI के आधार पर GRAP लागू करने, ब्रज इंडस्ट्रियल एरिया की मुख्य संपर्क सड़क (CNG पंप से भवनपुरा गाँव तक) के लंबित डामरीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने सहित विभिन्न जनहित एवं उद्योग हित के प्रस्ताव शामिल हैं।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री महोदय को भी एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिसमें TTZ के कारण प्रभावित भरतपुर के लिए शिक्षा, चिकित्सा, आईटी, AI, होटल एवं पर्यटन क्षेत्र हेतु विशेष निवेश प्रोत्साहन नीति लागू करने तथा खाद्य तेल (Edible Oil) उद्योग के GST रिफंड को पुनः प्रारम्भ करवाने के लिए भारत सरकार एवं केंद्रीय वित्त मंत्रालय के समक्ष प्रभावी पहल करने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने इन सभी प्रस्तावों का सर्वसम्मति से समर्थन करते हुए उन्हें शीघ्र संबंधित विभागों एवं शासन स्तर पर प्रेषित करने का निर्णय लिया। सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही होने से भरतपुर जिले में उद्योग, निवेश, पर्यटन, रोजगार एवं आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिलेगी तथा भरतपुर प्रदेश के अग्रणी औद्योगिक एवं पर्यटन केन्द्र के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा। बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन संगठन के सचिव राहुल बंसल ने किया।


