भीषण सड़क हादसा: डंपर ने दो बाइकों को मारी टक्कर, एक की मौत; चार गंभीर रूप से घायल
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता)। राजगढ़-टहला सड़क मार्ग पर श्रीचन्दपुरा चेकपोस्ट के समीप एक तेज रफ्तार डंपर ने आगे चल रही दो बाइकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही राजगढ़ डीएसपी देशराज कुलदीप और थानाधिकारी नेकीराम पुलिस जाप्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से घायलों और मृतक के शव को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
- ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
अस्पताल में उपचाराधीन घायल भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वे टहला के पास से टाइल्स का काम खत्म करके अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीचन्दपुरा चेकपोस्ट के पास एक डंपर चालक ने दूसरे डंपर को ओवरटेक करने के प्रयास में लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी और उनके आगे चल रही दूसरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
- घायलों की हुई पहचान, मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी
पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान कठेड़ा (खेड़ली गंज) निवासी दो भाइयों राजेश व मुकेश पुत्रान केसर देव बलाई के रूप में हुई है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार घायलों की पहचान चौमू (मालाखेड़ा) निवासी थानसिंह पुत्र रतनसिंह राजपूत और भूपेंद्र सिंह पुत्र मूलसिंह राजपूत के रूप में की गई है। चारों घायलों को राजगढ़ सीएचसी में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत के चलते अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
थाना पुलिस ने मृतक के शव को राजगढ़ सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है और उसकी शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने डंपर को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


