23 जुलाई को गोरखपुर को मिलेगा सिक्सलेन फ्लाईओवर का तोहफा, सीएम योगी करेंगे लोकार्पण
गोरखपुर (शशि जायसवाल) शहरवासियों का लंबे समय से इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज तक बने 2.6 किलोमीटर लंबे सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण 23 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। करीब 429 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह फ्लाईओवर गोरखपुर की ट्रैफिक व्यवस्था को नई दिशा देगा और शहर के प्रमुख इलाकों में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
यह फ्लाईओवर जून माह में बनकर तैयार हो चुका है। इसके संचालन से रसूलपुर, मोहद्दीपुर, देवरिया बाईपास और ट्रांसपोर्टनगर जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा। साथ ही लखनऊ-गोरखपुर हाईवे (एनएच-28) और वाराणसी की ओर से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना आगे निकलने की सुविधा मिलेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवरिया बाईपास स्थित पचपेदी हनुमान मंदिर के सामने आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।यह फ्लाईओवर नैसह तिराहे से शुरू होकर टीपी नगर, रसूलपुर, देवरिया बाईपास और फर्टिलाइजर क्षेत्र से होते हुए सिकरीगंज और एनएच-27 से जुड़ेगा। इससे नेपाल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुगम होगी।
फ्लाईओवर के नीचे की खाली जगह को भी विकसित करने की योजना है। यहां पार्क, दुकानें और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं बनाई जाएंगी, जिससे क्षेत्र की सुंदरता और उपयोगिता दोनों बढ़ेंगी। लोकार्पण से पहले फ्लाईओवर पर आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी पूरी कर दी गई है। रात के समय इसकी आकर्षक रोशनी लोगों का ध्यान खींच रही है। अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर शुरू होने के बाद गोरखपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।


