डेढ़ साल से बंद मकान बना चोरों का निशाना, 25 तोला सोना और 1 किलो चांदी समेत लाखों का सामान चोरी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित गोपाल टॉकीज इलाके में एक बंद मकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़ित रोहित कुमार व्यास ने बताया कि उनकी बहन का मकान पिछले करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा था। जब वह इलाके से गुजर रहे थे तो उनकी नजर मकान के मुख्य गेट पर पड़ी, जो खुला हुआ था। शक होने पर उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
रोहित कुमार व्यास के अनुसार, चोर मकान से करीब 25 तोला सोना, 1 किलो चांदी सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये के जेवरात और घरेलू सामान चोरी हुआ है। चोरी की घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। लंबे समय से बंद पड़े मकानों को निशाना बनाकर हो रही चोरी की इस वारदात ने क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।


