कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर मंदिरों में होंगे कई धार्मिक कार्यक्रम
सकट (अलवर)। कस्बा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूर्ण श्रद्धा, उल्लास और आस्था के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर क्षेत्र के मंदिरों में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कस्बा स्थित प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी जी महाराज मंदिर के महंत देवा दास महाराज ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर प्रांगण में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु देर रात तक भजनों की सरिता में गोते लगाएंगे। मध्यरात्रि भगवान के जन्म के बाद उपस्थित भक्तों में पंजरी के महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त कस्बे के जगदीश जी, रघुनाथ जी, रामेश्वर धाम, चतुर्भुज नाथ जी, हरिदास जी एवं सीता जी मंदिर में भी जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी मंदिरों में विराजित बाल गोपाल भगवान की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी।

